संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। गांव चाहड़ो आहलूवाला स्थित श्री गुरु रविदास ज्ञान प्रकाश आनंद आश्रम में मासिक सत्संग हुआ। महंत अशोकानंद ने गुरु महाराज की शिक्षाओं व आदर्शों से सत्संग को निहाल किया।
कार्यक्रम में साढौरा से विधायक रेनू बाला के पति एवं भाजपा नेता इंजीनियर ऋषिपाल ने मुख्यातिथि एवं यजमान रहे। आश्रम पहुंचने पर उन्होंने मंदिर में शीश नवा कर गुरु महाराज की स्तुति की। इस दौरान ऋषिपाल ने गुरु रविदास महाराज के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत संत-महापुरुषों की धरती है।
संतों ने मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। गुरु रविदास का पूरा जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु रविदास की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं, लोगों को बच्चों को नशे से दूर रखने और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलवाने के लिए प्रेरित किया।
आश्रम कमेटी की ओर से फूलमाला, सिरोपा और गुरु रविदास महाराज का चित्र भेंटकर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में गुरु महाराज की आरती की गई और भंडारा लगाया गया। इस दौरान काला राम, कर्मचंद, जगदीश, सुभाष चाहड़ो, जोगिंदर रुलाखेड़ी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।