यमुनानगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 648वे प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में सलेमपुर बांगर गांव में श्रद्धालुओं ने प्रभातफेरी निकालकर गुरु की महिमा का बखान किया। श्री गुरु रविदास मंदिर कमेटी के प्रधान बंटी कुमार ने बताया कि गांव में 21 दिनों की प्रभात फेरी निकाली जा रही है। हर वर्ष की तरफ इस वर्ष भी गुरु रविदास जी महाराज के प्रकाशोत्सव पर रोजाना सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रभातफेरी प्रकाशोत्सव तक लगातार जारी रहेगी।
प्रभातफेरी में ग्रामीण अलसुबह स्नान आदि कर के मंदिर प्रांगण में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त कर प्रभात फेरी के लिए निकलते है। प्रभातफेरी गांव की विभिन्न गलियों से होती हुई वापस मन्दिर प्रांगण में आरती के साथ समापन होता है। इस दौरान श्रद्धालु गुरु रविदास जी महाराज के भजन व गीत गाकर गुरु की महिमा का बखान करते है। इस दौरान आई है प्रभातफेरी जप लो सत्गुरु का नाम, जय गुरुदेव धन गुरुदेव आदि भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमें।
सेवादार राज कुमार ने बताया कि प्रभात फेरी का ग्रामीणों द्वारा फूलों की वर्षा व चाय पानी का प्रसाद देकर भव्य अभिनंदन किया। प्रभात फेरी में काफी संख्या में महिलाओं, बुजूर्ग, बच्चों व युवाओं ने हिस्सा लिया। गुरु रविदास विश्व महापीठ के जिला महासचिव काला राम ने बताया कि गुरु रविदास जी महाराज ने सभी समाज के लोगों को बिना किसी भेदभाव के एकजुट व मानवता की भलाई का संदेश दिया। अपने जीवन में सच के रास्ते को अपनाने और उस पर चलने का संदेश दिया। इस मौके पर सतीश कुमार, कर्णपाल, रणबीर, काला राम आदि मौजूद रहे।