संवाद न्यूज एजेंसी
जठलाना। खंड रादौर के थाना जठलाना के अंतर्गत पड़ने वाले नाहरपुर गांव में रविवार सुबह पौने सात बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां राजू पोल्ट्री फार्म पर बिजली गिरने से दो मंजिला इमारत पूरी तरह से ढह गई। इससे 12,480 चूजे (मुर्गी के बच्चे) मलबे में दबकर मर गए। साथ ही फीड के 200 बैग भी खराब हो गए।
इतना नहीं ढह गई इमारत के साथ दो अन्य शेड भी गिर गए। पोल्ट्री फार्म के मालिक राजपाल का दावा है कि एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस, पशु पालन विभाग की डॉक्टरों की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वहीं मलबे को हटाने के लिए जेसीबी को बुलाया गया है। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी नीरज कुमार व हितेश ने बताया कि सुबह हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली अचानक पोल्ट्री फार्म की इमारत पर जा गिरी। एक मिनट के भीतर ही दो मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। बिजली की गर्जना इतनी तेज थी की आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। हमने तुरंत मदद शुरू की, लेकिन मलबे में कोई चूजा जिंदा नहीं बचा। गनीमत यह रही इमारत के अंदर या बाहर कोई व्यक्ति नहीं था।
मालिक राजपाल ने बताया कि वह वर्षों से इस क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म चला रहे थे और उनके फार्म से अंडों की नियमित सप्लाई मिलिट्री एरिया में होती है। इस हादसे से सप्लाई व्यवस्था ठप हो गई।