संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डाक विभाग ने ज्ञान पोस्ट नाम से नई सेवा का शुभारंभ किया है। यह सेवा छात्रों, शिक्षण संस्थानों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। इस सेवा के अंतर्गत पुस्तकें एवं शिक्षण सामग्री कम दरों पर भेजी जा सकेंगी।
डाकघर अंबाला मंडल के प्रवर अधीक्षक विजय चौहान ने बताया कि भारत सरकार के संचार मंत्रालय (डाक विभाग) ने एक मई से ज्ञान पोस्ट का शुभारंभ किया है। यह सेवा विशेष रूप से उन पुस्तकों के लिए है जो सरकार से मान्यता प्राप्त शैक्षणिक बोर्डों, विश्वविद्यालयों एवं सरकार के अधीन निकाय और सांविधिक निकाय से पाठ्यक्रम में निर्धारित हों।
साथ ही सामाजिक, सांस्कृतिक या धार्मिक विषयवस्तु से संबंधित हों या विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में प्रयुक्त हों। उन्होंने बताया कि ज्ञान पोस्ट का स्पष्ट उल्लेख पैकेट पर करना आवश्यक होगा। वजन सीमा 300 ग्राम से पांच किलोग्राम तक वजन अनुसार डाक खर्च 20 रुपये से 100 तक होगा। केवल मुद्रित और वैधानिक रूप से प्रकाशित पुस्तकें ही स्वीकार्य होंगी। व्यवसायिक और वाणिज्यिक सामग्री को इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा।