संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) का शिष्टमंडल शनिवार को जगाधरी में कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर से उनके आवास पर मिला। सूरजमुखी की फसल का पोर्टल खोलने को लेकर मांग पत्र किसानों ने मंत्री को दिया।
भाकियू जिला प्रधान संजू गुंदियाना, निदेशक मनदीप रोड छप्पर, युवा जिला अध्यक्ष संदीप टोपरा, जिला महासचिव गुरवीर सिंह, संगठन सचिव विक्रांत ससौली ने मंत्री को बताया कि किसानों की सूरजमुखी की फसल पक कर तैयार हो चुकी है। हरियाणा सरकार ने कहा है कि एक जून से सूरजमुखी की खरीद शुरू हो जाएगी।
वहीं बहुत से किसानों का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर सूरजमुखी की फसल नहीं दिख रही है। जिन खेतों में सरसों कटाई के बाद सूरजमुखी बिजाई की थी उन खेतों का पंजीकरण नहीं हो पाया, क्योंकि उन खेतों में सरसों की फसल काटने के बाद सरसों की फसल का पंजीकरण होना था। सरकार के पोर्टल पर अभी भी उन खेतों में सरसों की फसल दिखाई जा रही है। जिस कारण किसान को सूरजमुखी का पंजीकरण करवाने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने मंत्री से जल्द पोर्टल खोलने की मांग की। किसानों ने कहा कि हरियाणा सरकार ने घोषणा की थी कि जो किसान अपने खेतों में पराली नहीं जलाएगा उनको एक हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से दिए जाएंगे। अभी तक नाममात्र किसानों को यह पैसे मिले हैं। तकरीबन 80 प्रतिशत किसान को यह पैसा नहीं दिया गया। व सरकार की घोषणा के बाद भी सुपर सीडर रोटावेटर और कई अन्य प्रकार के इंप्लीमेंट पर सब्सिडी अभी तक नहीं दी गई है। इस मौके पर राजन, पवन नंबरदार, मोहनलाल, सतीश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।