प्रदर्शनी में छात्रा से मॉडल की विशेषताएं पूछते मुख्यातिथि। संवाद
छछरौली। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली में खंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता करवाई गई। प्रदर्शनी में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, प्रतियोगिता रसायन प्राध्यापक नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में करवाई गई। इस दौरान खंड के विभिन्न विद्यार्थियों के विद्यार्थियों ने अपने मॉडल प्रदर्शित किए। मुख्य अतिथि व निर्णायक मंडल ने मॉडल का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से इसकी विशेषताओं के बारे जानकारी ली। प्रदर्शनी में पहला स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयधर की पूजा शर्मा ने प्राप्त किया। खंड विजेता जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान सभी प्रतिभागियों, अध्यापकों को प्रमाण पत्र व कलम उपहार में दी गई।
शशिकांत चौधरी ने कहा कि हमें हार जीत की चिंता छोड़ कर निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। प्रतियोगिता में दूसरा स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली की साक्षी को मिला। तीसरा स्थान राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली के दक्ष ने पाया। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाकरवाला की निदा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को आठ हजार, द्वितीय विजेता को छह हजार, तृतीय विजेता को चार हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, चौथे विजेता को दो हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जठलाना के शशिकांत चौधरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलाचौर के योगेश भट्ट व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी की रजनी निर्णायक मंडल में रहीं। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान ने सभी को बधाई और जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन सुमन गुप्ता ने किया। वहीं, अमनदीप व मंजीत ने रजिस्ट्रेशन व प्रमाण पत्र की जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान नरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, आदर्श, राजीव, कंवलदीप, कुलविंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।