संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पुलिस लाइन के खेल प्रांगण में जिलास्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में पूजा प्रथम, पद्मावती द्वितीय और सीमा तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं 300 मीटर दौड़ में गगनदीप प्रथम, काजल द्वितीय और प्रेरणा तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में रमनदीप कौर ने प्रथम, तान्या ने द्वितीय और पलक ने तृतीय स्थान हासिल किया। साइकिल रेस में हर्षिता प्रथम, सरिता द्वितीय और ज्योति तृतीय रहीं। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में मलकीत प्रथम, नीलम द्वितीय और राधा तृतीय स्थान पर रहीं। डिस्कस थ्रो में नजमा ने प्रथम, रजनी ने द्वितीय और रजनी (बड़ी पाबनी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा और प्रशिक्षु आईएएस सुमन यादव बतौर अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। खेल के मैदान से लेकर अंतरिक्ष तक उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मीक्षा रंगा ने बताया कि विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष खंड स्तर पर विजेता प्रतिभागियों की जिला स्तर पर प्रतियोगिता कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग तथा 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए अलग-अलग स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को मंच प्रदान करना और खेलों के प्रति उनका रुझान बढ़ाना है। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी कुसुम लता, किरण, तरविंदर कौर, कार्यवाहक जिला बाल संरक्षण अधिकारी रंजन शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।