संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अवैध खनन रोकने के लिए अब पुलिस खनन जोन में छापा मारेगी। निरीक्षण के दौरान अवैध खनन करने पकड़ने जाने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने जारी किए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कहा कि अवैध खनन पर सख्ती बरती जाए। अवैध खनन में संलिप्त किसी भी वाहन व व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जनवरी माह से लेकर अब तक पुलिस की ओर से कुल 449 वाहनों के अवैध माइनिंग के चालान किए है। इनमें ट्रैक्टर ट्राली, डंपर व जेसीबी शामिल है। अवैध खनन रोकने के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर हो गई है।
खनन सामग्री के डंपरों की वजह से सड़कों पर दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। इसके साथ ही अवैध खनन का धंधा भी बढ़ रहा है। खनन जोन से निकलने वाले वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं होती। ऐसे में यदि किसी वाहन से दुर्घटना हो जाए तो उसको तलाश करने में भी मशक्कत होती है।
खनन सामग्री के जिस वाहन पर नंबर प्लेट नहीं होगी या फिर मिट्टी हुई होगी तो उस भी पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि जो भी क्रशर यहां स्क्रीनिंग प्लांट मालिक बिना बिल के माल भरेगा। उस पर कार्रवाई होगी। पुलिस औचक निरीक्षण करेगी।