संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अंबाला रेंज में अवैध खनन गतिविधियों, अवैध शराब की बिक्री, संदिग्ध वाहन चालकों और यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ 26 मई से 15 जून तक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने यमुनानगर में खनन माफिया के खिलाफ पांच अभियोग दर्ज किए।
अवैध खनन में संलिप्त 30 डंपर, 40 ट्रैक्टर-ट्राली और चार जेसीबी वाहनों को जब्त किया गया। खनन माफिया पर कुल 2 करोड़ 26 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अवैध शराब के मामलों में 12 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 287 देशी शराब की बोतलें बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों और यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई गई।
बिना नंबर प्लेट वाहनों के 301 चालान, ब्लैक फिल्म के 55, नशा कर वाहन चलाने पर 115, बुलेट बाइक से पटाखा बजाने के आठ व वाहन पर लाल व नीली बत्ती के दो चालान किए गए। आपराधिक मामलों में जब्त कर मालखानों में रखी 432 संपत्तियों का निपटारा किया गया, जिससे सरकारी पुलिस थानों की सफाई हुई। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है।