यमुनानगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मैदान-2.0 के तहत जिला पुलिस ने वीरवार सुबह आजाद नगर, शांति कॉलोनी समेत आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में छापा मारा। करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने संदिग्ध ठिकानों की तलाशी की। कई संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। कहीं से भी नशा बरामद नहीं हुआ।
अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय कमलजीत सिंह ने किया। उनके साथ थाना शहर यमुनानगर प्रभारी नरेंद्र कुमार, एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार, रामपुरा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सहित विभिन्न थाना और चौकी प्रभारियों की टीमें मौजूद रहीं। डीएसपी ने कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर नशा तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने नशा कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे यह धंधा छोड़ दें या फिर जिला छोड़ दें। पुलिस आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई करती रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना प्राथमिकता है और इसके लिए जनसहयोग भी जरूरी है।
आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।