संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सुनार की दुकान में लूट की वारदात के बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में एक आरोपी का चेहरा नजर आ रहा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार देर शाम छछरौली में सुनार की दुकान पर बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। सर्राफ सोमेश गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दो युवक अंगूठी देखने के बहाने दुकान में आए थे। जब वह दोनों को अंगूठी दिखा रहा था तो एक बदमाश ने बैग से तमंचा निकाल लिया।
इस दौरान सोमेश गर्ग ने इसका विरोध किया तो आरोपी अंगूठी लेकर मौके से भागने लगे। बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो आरोपी बाइक को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ थाना छछरौली अमरजीत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।