साढौरा। कालाअंब मार्ग पर कराल घाट के पास कच्चे रास्ते में बुधवार रात 29 वर्षीय गोविंद उर्फ प्रिंस का खून से लथपथ शव मिलने के बाद से पुलिस फोन व सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है। इसके बाद भी अभी तक हत्यारों का पता नहीं चल पाया है।
थाना साढौरा एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बुधवार रात को बकाला गांव के रहने वाले गोबिंद उर्फ प्रिंस का खून से लथपथ शव मिला था।
पुलिस ने मृतक के पिता मलकीत की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में युवक की पहचान नहीं हो पाई। उसके मुंह व सिर के अलावा शरीर के कई हिस्सों पर तेजधार हथियार के घाव मौजूद थे।
तेजधार वाले हथियारों के वार से चेहरे की पहचान तक संभव नहीं थी। इसी दौरान मृतक के पास में पड़े मोबाइल फोन की घंटी बजने पर पुलिस ने कॉल रिसीव की और परिजनों को सूचित किया। पुलिस जांच में मौके से ही एक छोटा चाकू भी बरामद हुआ था।