संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यूपी-उत्तराखंड में सक्रिय बाबा गैंग के सरगना व तीन गुर्गों को पकड़ पुलिस खूब वाहवाही ले रही है, पर मौके से चकमा देकर भागे दो गुर्गे अभिषेक व सागर और गैंग को यमुनानगर बुलाने वाला मोहित चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
भले पुलिस कह रही है कि बड़ी वारदात अंजाम देने से पहले गैंग के चार लोग पकड़ लिए, पर फरार तीन लोगों द्वारा बड़ी घटना की आशंका में दहशत बरकरार है। खासकर कारोबारी खौफजदा हैं। हरनौल में वीरवार को पकड़े गैंग के सरगना जसबीर सिंह उर्फ टेनु व उसके तीन गुर्गे शाह उर्फ मुन्ने, 17 वर्षीय किशोर व शिवम का रविवार को दो दिन का रिमांड पूरा होने पर कोर्ट में पेश किया गया। तीनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस को दो दिन के रिमांड में चारों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली, पर पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने कहा कि रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिली है। गैंग को यमुनानगर बुलाने वाले फरार मोहित सहित मौके से भागे गैंग के अभिषेक व सागर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
उल्लेखनीय है गांव हरनौल में नाके पर गत गुरुवार को भाजपा की झंडी लगी गाड़ी को पुलिस ने रोका तो उसमें सवार छह लोग कूदकर भागने लगे। तब पुलिस ने मौके से चार लोग दबोच लिए, पर उनके दो साथी भाग गए।
उनकी कार से देसी कट्टा व चार कारतूस मिले थे। जांच में पकड़े गए चारों लोगों का संबंध यूपी-उत्तराखंड में सक्रिय बाबा गैंग से निकला। इनमें एक गैंग के मुखिया हरिद्वार के गांव मुंडला निवासी जसबीर सिंह उर्फ टेनु भी शामिल है। जसबीर पर गैंगस्टर एक्ट, हत्या का प्रयास सहित 14 मामले दर्ज हैं।
जसबीर वर्ष-2024 में जेल से बेल पर बाहर आया था। जसबीर के साथ पकड़े गए अन्य साथी उसके गुर्गे हैं, जिनकी पहचान हरिद्वार के लंढौरा निवासी शाह उर्फ मुन्ने, भगवानपुर निवासी 17 वर्षीय किशोर व यूपी के सहारनपुर के गांव मझोल निवासी शिवम के तौर पर हुई। शिवम पर भी चार मामले दर्ज हैं।