संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बीएनएस की धारा 75 (2)/78 व एससी एसटी एक्ट 1989 की धारा 31 आई में नामजद सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह से पुलिस पूछताछ करना चाह रही है, पर उनका पता नहीं लग पा रहा है। एक ओर मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ मिल रहा है, वहीं उनके ठिकानों पर भी वह पुलिस को नहीं मिले।
ऐसे में मामला दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है। यह मामला मंगलवार को दिनभर न सिर्फ सरकारी बल्कि निजी डॉक्टरों सहित स्वास्थ्य, राजनीति क्षेत्र से जुड़े लोगों की जुबान पर खूब चर्चा में रहा। चूंकि मामला हाईप्रोफाइल है, इसलिए हर कोई यह जानना चाह रहा है कि पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई हो रही है।
उल्लेखनीय है कि जिला नागरिक अस्पताल की महिला डॉक्टर ने सोमवार को सीएमओ डॉ. मंजीत के खिलाफ महिला पुलिस को शिकायत दी थी। इस पर महिला थाना पुलिस ने देर शाम सीएमओ को विभिन्न धाराओं में नामजद किया। महिला चिकित्सक द्वारा दी गई शिकायत में सीएमओ पर अश्लील बातें करने व जातिसूचक शब्द कहे जाने के आरोप लगाए गए। एएसपी अमरिंदर सिहं ने बताया कि सीएमओ के खिलाफ दर्ज मामले में पूछताछ करनी है, इसलिए उनके ठिकानों पर दबिश दी गई। लेकिन अभी सीएमओ नहीं मिल पाए हैं। उनका मोबाइल स्विच ऑफ है।
विभागीय जांच के नहीं आदेश
सीएमओ पर मामला दर्ज होने के बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच होने की चर्चाएं भी होने लगी, पर फिलहाल मंगलवार को ऐसे कोई आदेश नहीं आए। इतना जरूर हुआ कि जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को सीएमओ नहीं आए। काफी डॉक्टरों व स्टाफ को उनके न आने की वजह बाद में पता चली। एसपी कमलदीप गोयल का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।