संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना छप्पर के गांव तलाकौर निवासी अवतार सिंह का हत्यारोपी सुखजीत उर्फ डिंपल वारदात के बाद सुराग नहीं लगा है। आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। शनिवार को भी पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी। आरोपी का कुछ पता नहीं चल पाया।
मृतक अवतार सिंह व आरोपी सुखजीत रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं। वीरवार को उनमें रंजिश के चलते झगड़ा हो गया था। इस दौरान आरोपी सुखजीत ने कृपाण से चाचा अवतार सिंह पर हमला कर दिया था। इसमें वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गया था। उसे सरस्वती नगर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां उसे उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। परंतु, शुक्रवार सुबह अवतार सिंह अपने कमरे में मृत मिला था।
तब थाना छप्पर पुलिस ने मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर आरोपी सुखजीत उर्फ डिंपल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की हुई है। बता दें मृतक अवतार सिंह अपने माता-पिता की आखिरी संतान थी, इससे पहले उसके अन्य तीन भाई पहले ही बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी।