यमुनानगर। कपालमोचन मेले को लेकर पुलिस सतर्क है। इसको लेकर वीरवार को मेला परिसर में कांबिंग ऑपरेशन चलाया गया। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने दी।
उन्होंने बताया कि कपालमोचन मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु देशभर से भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक यात्री की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस वर्ष भी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि कांबिंग ऑपरेशन के दौरान संभावित अपराध क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि लोगों में विश्वास की भावना भी जगाना है कि जिला पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से घूमता नजर आए, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा और पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।