जगाधरी। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन की ओर से 24 अक्तूबर को रामलीला भवन में दिवाली समारोह करवाया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। इस बार समारोह में एसोसिएशन के सदस्यों के साथ उनके परिवारों को भी शामिल किया जाएगा।
एसोसिएशन के सर्कल अध्यक्ष चमन लाल कैंसे ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दिवाली समारोह करवाया जा रहा है। इस बार कार्यक्रम पारिवारिक मिलन के रूप में मनाने की विशेष पहल की गई है। एसोसिएशन संरक्षक एलएस शेरवाल ने बताया कि सदस्यों के पोते-पोतियों, दोहते-दोहतियों और विशेष रूप से पुत्रवधुओं को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि परिवार के सभी सदस्य एक साथ समय बिताकर आपसी प्रेम और एकता को मजबूत कर सकें।
समारोह में पंजाब नेशनल बैंक सर्कल कार्यालय करनाल के सर्कल हेड त्रिमूर्ति शिव पांडे मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान एसोसिएशन के सदस्यों और उनके परिजनों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सर्कल सचिव एसपी कांबोज ने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए कार्यकारिणी के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समारोह सर्कल अध्यक्ष चमन लाल कैंसे और सचिव एसपी कंबोज की देखरेख में किया जाएगा।