संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन से जुड़े पदाधिकारी व सदस्य दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। इस दौरान जगाधरी के इंदिरा मार्केट में सिविल लाइन रोड स्थित पीएनबी शाखा के बाहर बैंक अधिकारियों ने धरना दिया। यहां फेडरेशन के आह्वान पर पदाधिकारी व सदस्य हड़ताल का समर्थन किया। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसके कटारिया ने कहा कि अधिकारियों ने मजबूरी में यह कदम उठाया है। प्रबंधन व श्रम आयुक्त स्तर पर हुई वार्ताओं के बावजूद मांगों का समाधान नहीं निकला, इसलिए अधिकारी वर्ग ने दो दिन का वेतन कटवाकर संघर्ष का रास्ता चुनना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था, डे एंड चेक न लगे, परिक्जिस्ट टैक्स में सौ फीसद छूट हो, मेडिकल एरियर व नई बेसिक पर मेडिकल सहित अन्य मांग हैं। यह उनका हक है और इसके लिए वे संघर्ष करते रहेंगे। एसके कटारिया ने कहा कि प्रबंधन और श्रम आयुक्त की वार्ता के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला गया है। यह उनके साथ भेदभाव है और इसे लेकर अधिकारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अपने दो दिन के वेतन की परवाह किए बिना संघर्ष का मार्ग चुना है।
एसके कटारिया ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग प्रस्ताव वित्त मंत्रालय में काफी समय से लंबित है, जबकि केंद्र एवं राज्य सरकारों के कर्मचारी, बीमा कंपनियों और यहां तक कि रिजर्व बैंक के अधिकारी भी पांच दिवसीय प्रणाली के तहत कार्यरत हैं। ऐसे में बैंक अधिकारियों से भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान प्रमोद शर्मा, प्रशांत कुमार, चरणजीत सिंह, गीता चौधरी, संजय चौधरी, धर्मेंद्र, रवींद्र गहलोत, विजेंद्र, अनूप, रणजीत, राजिंद्र, ऋतु, लीना, अमित, कंवलजीत भाटिया, कमल, अनिल डांगे सहित कई शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
-