संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कई दिनों से हाड़ कपाने वाली ठंड और घने कोहरे की मार झेल रहे लोगों के लिए रविवार की सुबह बहुत ही राहत भरी रही। रविवार को रवि ने कड़ाके की ठंड पर वार किया और सुबह से खिली धूप ने लोगों को कंपकंपा देने वाली ठंड राहत दी। सुबह-सुबह खिली धूप देखकर लोगों के चेहरे भी खिल गए।
छुट्टी के दिन मौसम खुलने से लोगों ने इसका खूब लुत्फ उठाया। धूप निकलने से सुबह के तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि देखने को मिली। वहीं, अधिकतम तापमान भी तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। सुबह से ही सूर्य के दर्शन होने से कड़ाके की ठंड से भारी राहत मिली है। धूप ने न केवल वातावरण में गर्माहट घोली, बल्कि लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है।
कुछ दिनों से सूर्य के दर्शन न होने से सुबह दस बजे भी तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे ठिठुरन चरम पर थी। परंतु रविवार सुबह आठ बजे से ही धूप निकलने लगी थी और नौ बजे तक अच्छी धूप निकली।
धूप निकलने से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली।
चिकित्सकों ने कहा कि यह धूप कड़ाके की ठंड से त्रस्त लोगों के लिए संजीवनी का काम करेगी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार वीरवार तक मौसम खुशनुमा बना रहेगा। शुक्रवार व शनिवार को बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी और ठंड में इजाफा होगा। दूसरी तरफ मौसम खुलने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल गए।
इस दौरान शहर के जगाधरी गेट, पंसारी बाजार, देवी भवन बाजार, खेड़ा मंदिर बाजार, रेलवे रोड बाजार, मॉडल टाउन, रेलवे रोड, पेपर मिल गेट, शहीद भगत सिंह चौक, छोटी लाइन, मीराबाई बाजार, आनंद मार्केट, न्यू मार्केट, पुराना रादौर रोड सहित तमाम स्थानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
बच्चों की शोरगुल से पार्क हुए गुलजार
सुबह निकली धूप से दिन बेहद शानदार और खुशनुमा बन गया। तापमान में हुई वृद्धि ने लोगों को रजाइयों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। धूप खिलते ही ठप पड़े जनजीवन को फिर से रफ्तार मिली है। कोहरे के कारण जो काम पिछले कई दिनों से लंबित थे, लोगों ने वे निपटाया। शहर के सिटी सेंटर, नेहरू पार्क, श्रीराम पार्क, शास्त्री पार्क, टाउन हॉल पार्क सहित तमाम पार्कों में लोग धूप का आनंद लेते नजर आए। कई दिनों से घरों में कैद रहे बच्चों ने पार्कों में खूब मस्ती की।
धूप में शहर के नेहरू पार्क में बच्चे को खिलाती युवती। संवाद- फोटो : महिलाओं को जागरूक करती महिला आरक्षी।