संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फैमिली आईडी यानी परिवार पहचान पत्र में गलतियों के कारण लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसी की फैमिली आईडी में सालाना आय अधिक दर्ज है तो किसी के परिवार के सदस्य का नाम ही गलत चढ़ा दिया गया है।
गलतियों को ठीक करवाने के लिए लोग एडीसी कार्यालय से अटैच क्रीड कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कई बार आने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। समाधान शिविरों में भी फैमिली आईडी से संबंधित शिकायतें बड़ी संख्या में पहुंच रही हैं। एडीसी नवीन आहूजा का कहना है कि फैमिली आईडी में गलतियों को ठीक करने के लिए शिविर भी लगाए जा रहे हैं। अब तक काफी गलतियों को ठीक किया जा चुका है। फिर भी किसी की आईडी में गलती है तो वह ऑब्जेक्शन दर्ज करवा उसे ठीक करवा सकता है।
आय बढ़ने से राशन कार्ड कटा
गांव काटरवाली निवासी हसीना ने बताया कि उनकी पीपीपी आईडी में आय अधिक दर्ज होने के कारण राशन कार्ड कट गया है। परिवार के सदस्य मजदूरी करके गुजर-बसर करते हैं। आय अधिक दर्ज होने के कारण डिपो से मिलने वाला राशन भी बंद हो गया है। इससे परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
काफी पैसे खर्च कर चुके
गांव माजरी टापू निवासी नितिन ने बताया कि वह अपनी पत्नी का नाम पीपीपी आईडी में दर्ज करवाने के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं। पोर्टल नहीं चलने के कारण उनका काम लंबे समय से अटका हुआ है। गांव से शहर आने-जाने में समय और पैसे खर्च होते हैं, वहीं कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
पति लापता, बढ़ा दी आय
गांव लापरा निवासी लीला देवी ने बताया कि पीपीपी आईडी में आय अधिक दर्ज होने के कारण उनका राशन कार्ड कट चुका है। उनके पति करीब 14 साल से लापता हैं। परिवार में तीन बच्चे हैं और वह खुद फैक्टरी में काम करके घर का खर्च चलाती हैं। डिपो से राशन नहीं मिलने के कारण परिवार की परेशानी बढ़ गई है।
क्रीड कार्यालय में अपने कार्य करवाने पहुंचे लोग। संवाद
क्रीड कार्यालय में अपने कार्य करवाने पहुंचे लोग। संवाद
क्रीड कार्यालय में अपने कार्य करवाने पहुंचे लोग। संवाद