संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। बस स्टैंड रोड पर कई माह से नगर पालिका के ठेकेदार की बजरी सड़क किनारे पड़ी है, जो बिखर कर सड़क पर फैली गई। इस कारण आए दिन वाहन चालक बजरी से फिसल कर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत करने पर भी नगरपालिका की ओर से सड़क पर पड़ी बजरी नहीं उठाई गई। इसका स्थानीय लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
क्षेत्रवासी संदीप, रवि, सतीश, रामकुमार, राजकुमार, राजीव आर्य सन्नी ने बताया कि दो माह से नगर पालिका के ठेेकेदार की गिराई बजरी काफी मात्रा में बस स्टैंड रोड पर पड़ी है। यह बजरी सड़क पर फैल गई है। जिससे कई लोग वाहनों से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लेकिन नगरपालिका की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसका खामियाजा वाहन चालक भुगत रहे हैं। उनकी मांग है कि बजरी को सड़क से जल्द उठाया जाए। इस बारे में नगर पालिका के जेई मनदीप ने बताया कि ठेकेदार को सड़क पर पड़ी बजरी उठाने के लिए कह दिया है। जल्द बजरी उठवा दी जाएगी।