संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव कंडरौली मोड़ से गुमथला तक की सड़क टूट गई है। सड़क टूटी होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ समय पहले बनी सड़क के टूटने से लोगों में भारी रोष है। बार बार मांग करने पर भी मार्केट कमेटी सड़क की मरम्मत नहीं कर रही है।
क्षेत्रवासी मांगेराम, विनोद कुमार, चरण सिंह, धर्मपाल, सुरेश, चमन लाल ने बताया कि भारी वाहनों की आवाजाही से कंडरौली मोड़ से गुमथला तक सड़क पूरी तरह से टूट गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिस कारण लोगों को यहां से गुजरने में परेशानी हो रही है।
गड्ढों से गिरकर दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यह सड़क क्षेत्र को उत्तर प्रदेश व करनाल जिले से जोड़ती है। इससे प्रतिदिन सैकड़ों लोग निकलते हैं। इसके बावजूद सड़क की अनदेखी की जा रही है। सड़क की मरम्मत न करने से लोगों में रोष है।