यमुनानगर। मांगों के समर्थन में जिले के पटवारियों ने वीरवार को एक दिन का वर्क सस्पेंड रखा। वे कामकाज छोड़ जगाधरी अनाज मंडी में पटवार खाने में धरना देकर बैठ गए। ऐसे में भूमि संबंधी दस्तावेजों, फर्द, इंतकाल जैसे जरूरी काम अटक गए। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में मायूस होकर लौट गए। वहीं पटवारियों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के वादे की पूर्ति की मांग कर रहे हैं, जो अब तक अधर में लटका हुआ है। मामले में आज प्रदेश स्तर पर यह धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
पटवार कानूनगो एसोसिएशन के जिला महासचिव अवतार सिंह ने बताया कि 07 जनवरी को सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में नवनियुक्त पटवारियों के लिए प्रशिक्षण को डेढ़ वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने की घोषणा की थी। इसके अलावा प्रशिक्षण के समय को सर्विस पीरियड में शामिल करने और इस दौरान पूरा वेतनमान देने का वादा किया था। एसोसिएशन का आरोप है कि 10 महीने गुजर जाने के बाद भी सीएम ने अपने वादे को अभी तक पूरा नहीं किया है। नोटिफिकेशन जारी न होने से प्रशिक्षण पर चल रहे पटवारियों को न तो पूरा वेतन दिया जा रहा है और न ही पेपर लिए जा रहे हैं। नवनियुक्त पटवारी अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें प्रशिक्षण के दौरान 10 हजार रुपये प्रति माह मानदेय मिल रहा है। इन 10 हजार में उन्हें अपना घर भी चलाना पड़ रहा है और बाहर के खर्चे भी उठाने पड़ रहे हैं। अब त्योहार के सीजन में खर्चा काफी बढ़ गया है। यदि सरकार उन्हें अपने वादे के अनुसार पूरा वेतन दे दे, तो उनकी स्थिति सुधर जाएगी। अपनी मांगों को लेकर सीएम के नाम आज ज्ञापन भी सौंपा गया है। इस मौके पर राजीव हुसैन, अनिल, संदीप व सतीश मलिक सहित कई पटवारी मौजूद रहे।