संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के लिए पर्याप्त कुर्सी तक नहीं हैं। इससे मरीज व उनके साथ आए तीमारदार काफी परेशान रहते हैं। जब बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिलती तो थक हर कर मरीज ठंडे फर्श पर ही बैठ जाते हैं। इससे न केवल उनके कपड़े खराब हो जाते हैं बल्कि संक्रमण का खतरा भी रहता है।
शनिवार व रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ जुटी। पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टरों से चेकअप कराने और दवा वितरण केंद्र के सामने मरीजों व उनके परिजनों की लंबी लाइन लगी मिली। दवा वितरण केंद्र के पास काफी संख्या में लोग फर्श पर बैठे दिखे। इसी तरह डॉक्टरों के केबिन के आगे भी मरीजों का जमावड़ा लगा था।
चेकअप के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे थे। थोड़ा आगे बढ़ने पर ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के सामने लगे वरिष्ठ नागरिक कॉर्नर पर काफी संख्या में बुजुर्ग अपने परिजनों के साथ खड़े व बैठे नजर आए। जिस स्टाफ को बुजुर्गों की जांच करनी थी, उनकी कुर्सी खाली पड़ी थी। ताहरपुर कलां गांव के पूर्ण चंद ने बताया कि वह काफी देर से यहां पर खड़ा है। उसकी छाती में कई दिनों से दर्द हो रहा है। कोई भी चेकअप करने वाला नहीं है। इसी तरह अस्पताल के कैंटीन के सामने वाले गेट के आगे मरीजों और तीमारदारों की बाइकें खड़ी नजर आईं। वहीं यहां पर किसी को भी बाइक खड़ी करने की अनुमति नहीं है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यहां बाकायदा एक पोस्टर भी लगाया गया है जिस पर लिखा है कि यहां वाहन खड़ा करना मना है।
वाहन खड़ा करने पर टायरों की हवा निकाल दी जाएगी। परंतु इस पोस्टर का लोगों पर कोई असर होता नहीं दिख रहा।