संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी सूरी की अध्यक्षता में आयोजित वैदिक नव चेतना विषय पर ऑनलाइन कार्यक्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। इस दौरान उन्होंने वेदों के महत्व और समाज में उनके योगदान पर अपने विचार प्रकट किए।
डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति दिल्ली के उपाध्यक्ष जस्टिस प्रीतम पाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर इस कार्यक्रम में भाग लेते हुए वेदों को जीवन का आधार मानने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
विक्रम विश्वविद्यालय के सेवानिवृत आचार्य डॉ. राकेश ढंड ने वेदों की महत्ता बारे बताया। कार्यक्रम की शुरुआत सतबीर सिंह द्वारा गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई। इसके बाद उन्होंने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी।
प्रधानाचार्य अजय कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सोनिया ने वेदों के समाज में योगदान बारे बताया। ईशा ने वेदों की परिचय प्रस्तुत किया। ईशा द्वारा संचालित प्रश्नोतरी सत्र में सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राखी साहनी और रश्मि आदि ने अभिभावकों की तरफ से अपने विचार व्यक्त किए।