संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भीषण गर्मी को देखते हुए परिवहन निगम ने रोडवेज बसों में यात्रियों के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। निगम के आदेशों के बाद अब रोडवेज की सभी बसों में कैंपर रखवाए गए हैं, जिससे सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
बढ़ते तापमान और लू के कारण यात्रियों को सफर के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में निगम की ओर से यह व्यवस्था शुरू की गई है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में यात्रियों को पानी की अधिक जरूरत पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बसों में साफ और ठंडे पानी की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चालक और परिचालकों को भी कहा गया है कि यात्रा शुरू होने से पहले वॉटर कैंपर की जांच कर लें और पानी खत्म होने पर उसे तुरंत भरवाया जाए। यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में बसों में पानी की व्यवस्था होने से सफर काफी आसान हो गया है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इससे अधिक राहत मिल रही है।
यात्रियों ने कहा कि पहले सफर के दौरान पानी साथ लेकर चलना पड़ता था, लेकिन अब बसों में ही सुविधा मिलने से परेशानी कम हुई है। रोडवेज के जीएम संजय रावल का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बसों मे वाटर कैंपर की सुविधा दी गई है, आगे भी विभाग द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।