संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों खुले प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। कोई परिवार के साथ बैठा ट्रेन आने का समय पूछता रहा तो कोई रातभर स्टेशन पर डटा रहा।
नई दिल्ली से जालंधर जाने वाली गाड़ी संख्या 14681 इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 10 घंटे 48 मिनट की देरी से यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पहुंची। ट्रेन की लेटलतीफी के कारण रेलवे को इसे लुधियाना से जालंधर के बीच रद्द करना पड़ा। इससे आगे के सफर के लिए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को गाड़ी संख्या 14682 को लुधियाना से नई दिल्ली के लिए चलाया गया, लेकिन यह भी निर्धारित समय से करीब छह घंटे की देरी से पहुंची। ट्रेन सुबह 8:33 बजे पहुंचनी थी, लेकिन दोपहर 2:31 बजे स्टेशन पर पहुंची। इसी दौरान नई दिल्ली से जालंधर जाने वाली इंटरसिटी के अगले फेरे पर भी असर पड़ा और गाड़ी संख्या 14681 शनिवार को करीब सात घंटे की देरी से नई दिल्ली से रवाना हुई।
बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस शुक्रवार रात 12:32 बजे यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पहुंचनी थी, लेकिन यह शनिवार शाम पौने पांच बजे पहुंची। यानी यात्रियों को ट्रेन के लिए करीब साढ़े 16 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। वहीं अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 18238 भी निर्धारित समय रात पौने 11 बजे के बजाय शनिवार सुबह पौने सात बजे पहुंची।
इसके अलावा रेलवे ने शनिवार को अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के करीब 13 घंटे की देरी से चलने की सूचना दी। इसके रविवार सुबह साढ़े 11 बजे पहुंचने का अनुमान जताया गया है। रेलवे यह ट्रेन और लेट होने की संभावना भी जताई है। इसका असर दूसरी गाड़ियों पर भी देखने को मिला।
बाड़मेर से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 14661 शालीमार मालानी एक्सप्रेस करीब तीन घंटे की देरी से चली। वहीं, दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15212 भी निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से पहुंची। वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया ट्रेनें पीछे से ही अलग-अलग कारणों से लेट हैं। यहां से कोई भी ट्रेन लेट नहीं हुई है।