संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/रादौर। श्रीबाला जी क्लब की ओर से गांव हरिपुर में 20वीं 5 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि रमन त्यागी ने किया। प्रतियोगिता में 48 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में गढ़ी गुजरान व परवालाे की टीमों में रोमांचक मुकाबला खेला गया।
इसमें परवालो की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते निर्धारित छह ओवर में 58 रन बनाए। जवाब में गढ़ी गुजरान की टीम छह ओवर में 56 रन ही बना पाई। परवालो की टीम ने 1 रन से जीत दर्ज की। मैन ऑफ दी मैच परवालो टीम के खिलाड़ी गहरे का चुना गया। अन्य मुकाबले में मुस्तफाबाद व उचाना जिला करनाल की टीमें आमने-सामने हुई।
इसमें उचाना टीम ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित छह ओवर में 72 रन बनाए। जवाब में मुस्तफाबाद की टीम ने अंतिम गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें सेबू शेरा को मैन ऑफ दी मैच चुना गया। प्रतियोगिता के आयोजक विनय कांबोज हरिपुर ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच 30 अक्टूबर को खेला जाएगा।
फाइनल मैच की विजेता टीम को एक लाख रुपये का इनाम व उपविजेता को 51 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज बनने वाले खिलाड़ी को फोर्ड 3600 ट्रैक्टर दिया जाएगा। मौके पर विनय कांबोज, योगेश, अंकुश, विशाल, रॉकी, विजय, सुशील, रौनक मौजूद रहे।