संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आम आदमी पार्टी की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक वीरवार को जगाधरी स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता मुख्यातिथि एवं वक्ता रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
बैठक में डॉ. सुशील गुप्ता ने सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की और आरोप लगाया कि सरकार बड़े दोषियों को बचा रही है। उन्होंने हरियाणा के पानी के मुद्दे का भी मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि प्रदेश के हितों की अनदेखी की जा रही है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के हिस्से के पानी और प्रदेश के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि राज्य में अपराध, फिरौती और धमकी की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सरकार को कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। इस दौरान वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष आदर्श पाल सिंह ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। बैठक में सुरेंद्र अहलावत, महिला प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन, जिलाध्यक्ष राहुल भान, भूप सिंह, महिला जिलाध्यक्ष रीटा बामनिया, योगेंद्र चौहान, राजेश रामपुर सहित अन्य उपस्थित रहे।