संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने वीसी से एससी व ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि 28 फरवरी से पहले सभी विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध करवाई जा सके।
प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना से एससी व ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है। इसलिए संबंधित सभी इस कार्य बेहतर समन्वय के साथ करते हुए ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाएं। कोई भी विद्यार्थी इससे वंचित नहीं रहना चाहिए। इस कार्य की गतिविधि के लिए जिलास्तर पर नगराधीश को लगाया गया है।
वीसी के दौरान डीसी प्रीति ने आश्वासन दिया कि दिशा निर्देशों की पालना कर कार्य समय पर निपटाया जाएगा। वीसी के बाद डीसी ने अधिकारियों की बैठक ली और संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे पोर्टल से एससी व ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
उन्होंने आईटीआई, कॉलेज या अन्य संस्थान वे भी अपने ऐसे विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाएं। कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहें, इसके लिए हमें बेहतर समन्वय बनाकर ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को इस सुविधा का लाभ उपलब्ध करवाना है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, नगराधीश पीयूष गुप्ता, जिला कल्याण अधिकारी अनु बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।