संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम ने आगामी वित्त वर्ष के लिए करीब 263 करोड़ रुपये का बजट तैयार कर लिया है। 16 फरवरी को जिमखाना क्लब में होने वाली बैठक में बजट पेश किया जाएगा। इस बार का बजट बीते वर्ष के 257 करोड़ रुपये से छह करोड़ रुपये ज्यादा होगा। इस बार बजट में शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है।
बैठक में निगम के विभिन्न आय स्रोतों, प्रस्तावित खर्चों और विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श होगा। हालांकि निगम आयुक्त 15 मार्च तक प्रशिक्षण के चलते अवकाश पर हैं, ऐसे में बैठक डीसी प्रीति या फिर अतिरिक्त निगम आयुक्त की उपस्थिति में हो सकती है। आगामी वित्त वर्ष के लिए जो बजट पेश होगा उसमें स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक लाइट और सीसीटीवी सिस्टम के लिए करीब 20 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
जमीन व भवन की खरीद के लिए 41 करोड़ रुपये का बड़ा प्रावधान रखा गया है। गलियों और नालियों के निर्माण पर 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम भवन के लिए करीब एक करोड़, श्मशान भूमि निर्माण के लिए दो करोड़ और कम्युनिटी सेंटर के लिए एक करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। शहर के सौंदर्यीकरण पर तीन करोड़ तथा रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। आय के प्रमुख स्रोतों में प्रॉपर्टी टैक्स से 25 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
फायर टैक्स से एक करोड़, बिजली पर म्युनिसिपल टैक्स से 11 करोड़ और स्टैंप ड्यूटी से 20 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है। निगम की दुकानों व अन्य संपत्तियों की बिक्री से 10 करोड़, किराये से दो करोड़ 75 लाख और लीज से 20 लाख रुपये आय का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही 25 करोड़ रुपये की रिकवरी का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर निगम के प्रस्तावित बजट में विभिन्न मदों पर अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है।
कम्युनिटी सेंटर के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान है, जबकि शहर के सौंदर्यीकरण पर तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए 10 लाख रुपये तथा बेसहारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए टीकाकरण व नसबंदी के लिए 25 लाख रुपये का विशेष बजट रखा गया है। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों को देखते हुए यह कदम अहम माना जा रहा है।
वर्जन:
आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट की बैठक 16 फरवरी को जिमखाना क्लब में बुलाई गई है। इस बार गत वर्ष से ज्यादा बजट रखा गया है ताकि विकास कार्यों को रफ्तार मिल सके। - सुमन बहमनी, मेयर, यमुनानगर जगाधरी नगर निगम।