संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम वार्ड नंबर 13 के शहीद रॉकी पार्क व लाडो पार्क में जल्द ओपन जिम स्थापित करेगा। 10.29 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले ओपन जिम से वार्ड नंबर 13 के साथ वार्ड 14 के भी हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। दोनों पार्कों में ओपन जिम लगाने के लिए नगर निगम ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर अलॉट होते ही ओपन जिम लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
इससे पहले नगर निगम करीब एक करोड़ 71 लाख की लागत से टिवनसिटी के 25 पार्कों में ओपन जिम लगाए थे। जिनका शहरवासी खूब इस्तेमाल कर सेहत व स्वस्थ्य बना रहे हैं। अब शहीद रॉकी पार्क और लाडो पार्क में ओपन जिम की व्यवस्था होने से आसपास के लोग सैर के साथ-साथ लोग अलग-अलग एक्सरसाइज भी कर सकेंगे। लोगों निजी जिम में भारी भरकम फीस अदा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बच्चों के साथ-साथ बड़े व महिलाएं भी खुले वातावरण में एक्सरसाइज कर सकेंगी। वार्ड नंबर 13 में किसी भी पार्क में अभी तक ये व्यवस्था नहीं थी। हालांकि टिवनसिटी के 25 पार्कों में ओपन जिम बनाए गए हैं। वार्ड नंबर 13 में ओपन जिम नहीं था। पार्षद निर्मल चौहान ने निगम अधिकारियों से ओपन जिम लगाने मांग की थी। इसके बाद यहां पर ओपन जिम लगाने का निर्णय लिया गया था।
शहीद रॉकी पार्क के विकास पर खर्च होंगे 2.34 लाख
ओपन जिम के अलावा नगर निगम की ओर से शहीद रॉकी पार्क के विकास पर भी 2 लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। यह धनराशि पार्क में फुटपाथ, पौधे, बेंच, लाइट व अन्य विकास कार्य पर खर्च की जाएगी। पार्क के विकास को लेकर पार्षद निर्मल चौहान ने कई बार निगम अधिकारियों से अनुरोध किया था। इसके बाद जाकर निगम की ओर से टेंडर लगाया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पार्क का विकास होने से शहीद रॉकी को सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी।
शहरवासियों के स्वास्थ्य को लेकर शहर के बहुत से पार्कों में ओपन जिम स्थापित किए गए हैं। अब वार्ड नंबर 13 के शहीद रॉकी पार्क व लाडो पार्क में भी ओपन जिम स्थापित करने की योजना है। निगम की ओर से टेंडर जारी किया गया है। टेंडर अलॉट होते ही काम शुरू करवाया जाएगा। - मदन चौहान, मेयर यमुनानगर