यमुनानगर। ट्रेन से कट कर तीन बच्चों के पिता सहित एक अन्य अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। एक हादसा यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम को हुआ। जबकि दूसरा हादसा बुधवार सुबह मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुआ। हादसों का शिकार हुए दोनों लोगों की मौत हो गई। इस दौरान एक की शिनाख्त न होने के कारण रेलवे पुलिस ने उसका शव मोर्चरी में रखवा दिया है। जबकि मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में मृतक की शिनाख्त 35 वर्षीय कपिल के रूप में हुई। पुलिस ने कपिल का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
बाक्स
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन के झाड़चंदना के फाटक के पास बुधवार सुबह करीब सवा 12 बजे हादसा हुआ। इस हादसे में सरस्वती नगर निवासी 35 वर्षीय कपिल की ट्रेन की चपेट में मौत हो गई। कपिल परिवार का इकलौता बेटा था और सरस्वती नगर में ही फोटोग्राफी की दुकान चलाता था। बुधवार को कपिल स्टेशन के पास से ट्रैक पार रहा था, इसी दौरान वहां से गुजर रही 05903 डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। ट्रेन उसे घसीटती हुई दूर तक ले गई। ट्रेन चालक लालचंद ने रेलवे स्टेशन मास्टर पंकज कुमार को रन ओवर की सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना राजकीय रेलवे पुलिस थाना यमुनानगर जगाधरी को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त करवाई। बताया जा रहा है कपिल अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। कपिल के पास नौ साल की बेटी, छह साल का बेटा और एक डेढ़ साल का बेटा है।
------------------
इनसर्ट
ट्रेन में चढ़ते पैर फिसलने से व्यक्ति की मौत
यमुनानगर। जगाधरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस ने पहुंचकर मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन उसके पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। जीआरपी के उपनिरीक्षक जसविंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें स्टेशन मास्टर की ओर से हादसे की सूचना मिली थी। जसविंद्र सिंह ने बताया कि मंलगवार शाम को करीब 50-55 वर्षीय व्यक्ति ऋषिकेश से श्रीगंगानगर जाने वाली एक्सप्रेस में चढ़ रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और ट्रेन भी चल पड़ी। पैर फिसलने से व्यक्ति प्लेटफार्म से नीचे लाइन में गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से कट गया। व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।