यमुनानगर। नकली नोटों के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों को शहर जगाधरी पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से भंभौली निवासी आरोपी रूबी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया। जबकि दूसरे आरोपी भंभौली निवासी प्रदीप को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रिमांड के दौरान आरोपी रूबी ने बताया कि वह नकली नोट यूपी से लेकर आया था। शाम के समय बाजार में चलाने की उनकी योजना थी। योजना के तहत की वह जगाधरी बाजार में नोटों की चलाने की फिराक में थे। तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
सोमवार को शहर जगाधरी पुलिस की टीम झंडा चौक पर थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि भंभौली निवासी रूबी उर्फ रवि अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर नकली नोट यूपी से लेकर आता है। वह अपने गांव के प्रदीप के साथ संत थॉमस स्कूल के पास से होते हुए बाजार में जाएंगे। यदि दबिश दी जाए तो उन्हें काबू किया जा सकता है। पुलिस ने तुरंत दबिश दी। जैसे ही आरोपी सिविल लाइन रोड पर नकली नोट चलाने लगे तो टीम ने उन्हें काबू कर लिया। रुबी की तलाशी ली तो उसके पास से 500-500 के दो और 200-200 रुपये के नौ नकली नोट मिले । वहीं जब प्रदीप की तलाशी ली तो उसके पास से 500-500 रुपये के चार नोट और 200-200 रुपये के दो नोट मिले । दोनों ने कुल 5200 रुपये के नकली नोट मिले। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर धारा-489बी, 489 सी और 34 में केस दर्ज किया था।
जांच अधिकारी एसआई भूपेंद्र राणा ने बताया कि नकली नोटों के साथ पकड़े दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से रूबी को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। दूसरे आरोपी प्रदीप को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत भेज दिया। रिमांड पर लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।