संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शादीपुर गांव में रविवार को हुई पत्नी की गला दबाकर हत्या के मामले में मृतक नीलम के परिजन तीसरे दिन उत्तर प्रदेश से शव लेने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के शव गृह में बेटी का शव देखते ही नीलम की मां रो पड़ीं। परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें भी नम हो गईं। परिजनों ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी की इस तरह मौत होगी।
परिजनों ने बताया कि वे नीलम का अंतिम संस्कार यमुनानगर में ही करेंगे। साथ ही उन्होंने मांग की कि नीलम के दोनों बच्चों को उनके सुपुर्द किया जाए ताकि वे उनकी देखभाल कर सकें। फिलहाल दोनों बच्चों को पुलिस ने सुरक्षा के तौर पर बालकुंज में भिजवाया हुआ है। अब परिजनों के पहुंचने के बाद बच्चों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
रविवार रात शादीपुर में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के गांव सलेमपुर निवासी संतोष यादव ने अपनी पत्नी नीलम की गला दबाकर हत्या कर दी थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी को पत्नी के अवैध संबंधों का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर इधर-उधर घूमता रहा। करीब 24 घंटे बाद वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं नीलम की मौत से पूरे परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है।