यमुनानगर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस यमुनानगर में अधिकारियों की बैठक ली। आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। मंत्री ने रादौर विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियों के निवासियों की समस्याओं को विस्तार से सुना।
उन्होंने अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि जिन कॉलोनियों का अप्रूवल लंबित है, उन्हें नियमानुसार जल्द अप्रूव्ड करवाया जाए ताकि लोगों की परेशानियों का समाधान हो सके। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि कॉलोनियों में समुचित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और निवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जनता का हित सर्वोपरि है और मुख्यमंत्री व नगर निकाय मंत्री से मिलकर कॉलोनी वासियों की समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान कराया जाएगा।
मंत्री ने पार्षदों को भी निर्देश दिए कि वे जनता की समस्याओं को नगर निगम की मेयर, कमिश्नर और अन्य उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएं और उनका समाधान कराएं। इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सुहाग, एमई मृणाल जायसवाल, आयुष विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. सतपाल बहमनी, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।