संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पहली ही बारिश में शहर में हुए जलभराव को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने तुरंत उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस दौरान मेयर ने अधिकारियों व सफाई एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए कि यदि में बारिश में फिर जलभराव के हालात उत्पन्न हुए तो अधिकारियों व ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मेयर की अध्यक्षता में हुई बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, उप निगम आयुक्त कुलदीप मलिक, सभी संबंधित अधिकारियों, पार्षद, नाला व स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में नालों व स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई, नालों से अतिक्रमण हटाने, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा से जुड़े कई विषयों पर चर्चा कर अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में पार्षदों ने अपने अपने क्षेत्र में जलभराव वाले स्थानों की रिपोर्ट मेयर को दी। मेयर ने संबंधित ठेकेदार व अधिकारियों को उनकी तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। जिमखाना क्लब रोड पर बंद पड़ी स्टॉर्म वाटर लाइन की अंदर से सफाई कर तुरंत उसे चालू करने के निर्देश दिए। मेयर बहमनी ने निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए।
अंधेरे और पानी भरी गलियों में दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए किसी भी प्रकार की ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार व उप निगम आयुक्त कुलदीप मलिक ने भी अधिकारियों को फील्ड में रहकर नालों में जमा गंदगी को पूर्णत: सफाई कराने के अधिकारियों व ठेकेदारों को निर्देश दिए।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नालों पर हुए अतिक्रमण की पहचान कर उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें। अतिक्रमण नालों की नियमित सफाई में बाधक है और जलभराव की समस्या को और गंभीर बनाता है। इस पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई की जाए।
पार्षदों और अधिकारियों की संयुक्त कमेटी बनी
मेयर बहमनी ने कहा कि नालों की सफाई की निगरानी के लिए पार्षदों और निगम अधिकारियों की संयुक्त कमेटी बनाई जाएगी। सफाई का शेड्यूल पार्षदों को उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे भी इसकी मॉनिटरिंग कर सकें। सफाई शाखा को पार्षदों से तालमेल बनाए रखने और उनकी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिमखाना से गाबा अस्पताल तक बनाए गए स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई कर रही एजेंसी के ठेकेदार को मेयर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि काम में किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जाए।