रादौर। रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट किया। कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अमन शर्मा के नेतृत्व में अस्पताल रोड पर नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। वहीं एनएसयूआई ने सरकार से गैस, पेट्रोल व डीजल के दामों में की वृद्धि वापस लेने की मांग की।
अमन शर्मा ने कहा कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है। हाल ही में पांच राज्यों के चुनावों में वोट लेने के लिए सरकार ने गैस व पेट्रो पदार्थों के दाम घटा दिए। सरकार ने 137 दिनों तक पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर व सीएनजी की कीमत स्थिर रखी। चुनाव जीतने के बाद फिर से गैस, पेट्रोल व डीजल के दामों में वृद्धि शुरू कर दी है। महंगाई सातवें आसमान पर है। महंगाई के कारण लोगों के घरों का बजट बिगड़ गया है। सरकार अपने पूंजीपति मित्रों के हित में निर्णय लेकर जनता पर महंगाई का बोझ लाद रही है। जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अंकित सैनी, रोहित सैनी, रविंद्र मलिक, बलिंद्र खुखनी, टिंकू, संदीप, सुमित भोपाली, दीपक, हन्नी सैनी, लोकेश शर्मा, हैप्पी, प्रिंस, राकेश, हिमांशु, मोहित गुप्ता सहित मौजूद रहे।