सरस्वतीनगर। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरस्वती नगर में एनएसएस शिविर का शुभारंभ हसला जिला प्रधान विनोद कुमार ने किया। उन्होंने एनएसएस को व्यक्तित्व विकास का एक अनमोल अवसर और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। इस दौरान जिला शिक्षा मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा व खंड शिक्षा अधिकारी करनैल सिंह संधावा ने शिविर का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने शिविर में सभी व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान डीईईओ अशोक राणा ने कहा कि सेवा भाव भारतीय संस्कृति की पहचान है, जो हमारे देश को महान बनाती है। हमें सदा सेवा भाव से जीवन जीना चाहिए। यह सेवा भाव राष्ट्रीय सेवा योजना सिखाता है। बीईओ केएस संधावा ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक बेहतरीन प्रयास है। इसमें विद्यार्थी सेवा भाव के साथ जीवन में सामाजिक समरता का भाव सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तर के शिविर में पहुंचकर आत्मनिर्भरता व स्वयं श्रम का भाव सीखते हैं। सरकार एनएसएस को हर स्तर पर बढ़ावा दे रही है, ताकि इससे जुड़कर विद्यार्थी देश के सभ्य एवं जिम्मेदार नागरिक बनें। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक योगेश कुमार, दुर्गेश रानी, नरेंद्र कौर, रविंद्र राठी, दिनेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।