संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। लघु सचिवालय में वीरवार को जिलास्तरीय समाधान शिविर लगाया गया। शिविर डीडीपीओ नरेंद्र सिंह के नेतृत्व लगाया गया। इस दौरान 17 लोगों ने शिकायतें रखीं। एक भी शिकायत का मौके पर निपटारा नहीं हो सका।
यमुनानगर निवासी अमरनाथ ने सातवें वेतन आयोग का एरियर न मिलने की शिकायत दी। छछरौली निवासी जोनी ने अवैध कब्जा हटवाने, जगाधरी वर्कशॉप निवासी दिनेश कुमार ने निगम की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत दी। कलेसर निवासी अनुज ने गली की लाइट ठीक करवाने, जगाधरी निवासी रोहताश कुमार ने प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने, गुरु नानकपुरा निवासी नरेश कुमार ने बिजली के मीटर की सिक्योरिटी दिलवाने की समस्या रखी। जगाधरी निवासी बाबू राम शर्मा ने तार बदलवाने, वार्ड नंबर 12 निवासी रणबीर सिंह ने नालियों में पाइप डलवाने, जगाधरी द्वारकापुरी निवासी आशिक ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ दिलवाने, इंद्रलोक गली निवासी वीरेंद्र सिंह ने सीवरेज के मेन होल के ढक्कन लगवाने की गुहार लगाई।