संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान डीआरओ तरुण सहोता के समक्ष 13 शिकायतें पहुंची। इनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर समाधान नहीं हो सका। सभी शिकायतों को निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया।
शिविर में गुगलो निवासी पंकज कुमार ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने, यमुनानगर निवासी सोनू ने परिवार पहचान पत्र में त्रुटि ठीक करवाने, शिवपुरी निवासी कपिल शर्मा ने प्रॉपर्टी आईडी की जांच करने, खेड़ा फार्म निवासी शकुंतला ने परिवार पहचान पत्र में नाम ठीक करवाने, रादौर निवासी सीमा रानी ने पैंशन व राशन कार्ड की जांच करने की गुहार लगा।
वहीं टोपरा खुर्द निवासी दर्शनी देवी ने परिवार पहचान पत्र से प्रॉपर्टी आईडी हटवाने, गढ़ी सिकंदरा निवासी रेखा ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने, गोबिंदुपरी निवासी बबीता ने राशन कार्ड कट जाने, झंझेड़ा के समस्त ग्राम निवासियों ने अवैध कब्जा हटवाने तथा वार्ड नंबर 8 निवासी सुशील ने वार्ड की सड़क के दोनों तरफ अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत की। वहीं इस दौरान डीसी प्रीति ने समाधान शिविर का भी निरीक्षण किया।
डीआरओ तरुण सहोता ने बताया कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्याओं का मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास है।