संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला बार एसोसिएशन जगाधरी प्रधान पद महिला आरक्षित की मांग पर बार काउंसिल की ओर से चुनाव पर लगी रोक हट गई है। चुनाव 11 सितंबर को होंगे। वहीं, इस बार उप-प्रधान व सह सचिव का पद महिला आरक्षित किया गया है। सोमवार से इसके नामांकन शुरू हो गए हैं। एक नामांकन भरने की अंतिम तिथि है।
इस बार चुनाव में 1,758 अधिवक्ता मतदान कर पदाधिकारी चुनेंगे। चुनाव के लिए एडवोकेट गुरमीत सिंह मानीपुर को रिटर्निंग ऑफिसर और एडवोकेट विक्रम प्रताप को असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर गुरमीत सिंह मानीपुर ने बताया कि दो सितंबर को नामांकनों पर आपत्तियां ली जाएंगी और इसी दिन नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। तीन सितंबर को उम्मीदवार नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन दोपहर बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
बार एसोसिएशन के निवर्तमान प्रधान अधिवक्ता विक्रांत सिंह चौहान ने बताया कि एसोसिएशन में करीब 2200 अधिवक्ता पंजीकृत हैं। इसमें से 1,758 अधिवक्ताओं के पास मतदान का अधिकार है। करीब 400 पंजीकृत महिला अधिवक्ता हैं और लगभग 175 महिलाएं नियमित वकालत कर रही हैं।
उप-प्रधान और सह-सचिव होंगी महिलाएं
बार काउंसिल की ओर से उप-प्रधान और सह सचिव का पद महिला आरक्षित किया गया है। इससे पहले जिला बार एसोसिएशन की ओर से प्रधान व संयुक्त सचिव का पद आरक्षित किया गया था। जिला एसोसिएशन के इस निर्णय को एसोसिएशन सदस्य अधिवक्ता अविनाश कौशिक और अक्षय शर्मा ने बार काउंसिल के चुनाव अधिकारी के समक्ष चुनौती दी थी। चुनौती में पद आरक्षित करने की प्रक्रिया को गैर न्यायसंगत और आधारहीन बताया गया था। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश एवं बार काउंसिल की रिटर्निंग ऑफिसर जयश्री ठाकुर ने जिला बार एसोसिएशन के निर्णय पर रोक लगा दी थी। इसके साथ ही काउंसिल ने 15 मई को होने वाले बार चुनाव स्थगित कर दिए थे।
पहले दिन कराए गए नामांकन
प्रधान पद के लिए प्रदीप राठौर ने सोमवार को नामांकन दाखिला किया है। महिला आरक्षित उपप्रधान पद के लिए एडवोकेट गरिमा सिंह खुराना, काजल ढांडा और रजनीश बाला नामांकन किया है। अनारक्षित उपप्रधान पद के लिए अधिवक्ता जसवीर राणा, धर्मवीर राठी ने नामांकन दाखिल किया है। महासचिव पद के लिए पंकज शर्मा ने नामांकन दाखिल किया है। सहसचिव पद के लिए अधिवक्ता सीमा कांबोज व शिवानी नागपाल ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दायर कर दिया। कोषाध्यक्ष पद के लिए पूजा सिंघल व सुमित सैनी ने नामांकन पत्र भर दिया है। नामांकन के लिए अधिवक्ताओं के पास मंगलवार दोपहर तीन बजे तक का समय है।