छछरौली। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद बोली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से नगला मोहिउद्दीनपुर गांव के पास जैतपुर घाट पर एक 18 टायर वाला ट्रक तेज बहाव में फंस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते नदी का पानी ट्रक के काफी हिस्से तक पहुंच गया। चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
पानीपत निवासी ट्रक चालक मनजीत ने बताया कि वह नगली खनन जोन से क्रशर मटेरियल लेकर पानीपत जा रहा था। जैतपुर घाट के पास नदी पार करते समय अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। उसने ट्रक को तत्काल नदी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। स्थिति बिगड़ती देख वह ट्रक से बाहर निकलकर सुरक्षित नदी के किनारे पहुंच गया।
मनजीत ने बताया कि उसकी जान बच गई, लेकिन ट्रक अभी नदी के बीच तेज बहाव में फंसा हुआ है। पानी अधिक होने के कारण ट्रक तक पहुंचना भी जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने के बाद बोली नदी में अचानक पानी आ गया। कुछ ही समय में नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ गया, जिससे ट्रक नदी में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल नदी का पानी कम होने का इंतजार किया जा रहा है।