संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। रिकॉर्ड आवेदन के बाद भी चार ऑनलाइन चरणों में नोडल आईटीआई की 75 फीसदी सीटों पर भी दाखिले नहीं हो पाएग हैं। चार ऑनलाइन चरण में नोडल आईटीआई की 65.87 प्रतिशत सीटें ही भर पाई हैं और 34.13 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं। जिनके लिए 11 अगस्त से ओपन काउंसलिंग शुरू की जा रही है।
ओपन काउंसलिंग में नोडल आईटीआई की 460 रिक्त सीटों के लिए सीधी प्रक्रिया से 22 अगस्त तक दाखिले किए जाएंगे। वहीं, आईटीआई की कुल ट्रेड्स लगभग भर चुकी हैं और इन ट्रेड्स में एक दो सीटें ही रिक्त है।
यह सीटें भी दाखिले रद्द होने के कारण रिक्त रह गई हैं। बता दें कि जिले की सबसे बड़ी एवं नोडल आईटीआई में इस बार दाखिले के लिए रिकॉर्ड 7619 हुए थे। परंतु आवेदन की तरह दाखिला प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखने को नहीं मिला। जिसके चलते हर चरण में अलाॅट सीटों पर 70 फीसदी पर भी दाखिले नहीं हुए। हर चरण में वरीयता सूची में अलॉट सीटें रिक्त रह गई थीं।
वहीं चार चरण के बाद आईटीआई की करीब एक तिहाई सीटें खाली हैं। नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा ट्रेड्स करवाई जाती हैं। इस संस्थान में संचालित 32 ट्रेड्स की 83 यूनिट में कुल 1348 सीटें हैं। जिनमें से 888 सीटों पर ऑनलाइन प्रक्रिया से दाखिले किए जा चुके हैं और 460 सीटें अभी भी रिक्त हैं।
नोडल आईटीआई की ओपन काउंसलिंग में 460 सीटों के लिए प्रक्रिया चलाई जाएगी। वहीं, इस चरण में 11 विद्यार्थियों ने अपने दाखिले रद्द करवा दिए हैं। चौथे चरण की वरीयता सूची में विद्यार्थियों को कुल 192 सीटें अलॉट गई थी। अंतिम दिन तक इसमें 109 सीटों पर दाखिले हुए थे और 83 रिक्त रह गई थी।
वहीं तीसरे चरण के बाद 790 सीटें भरी थी। चौथे चरण के बाद 899 सीटें हो गई। परंतु नौ अगस्त को अंतिम दिन दाखिला लेने वाले 11 विद्यार्थियों ने फीस जमा नहीं करवाई। जिसके चलते उनके दाखिले रद्द कर दिए है। दाखिले रद्द होने के बाद 888 सीटें भर चुकी हैं और 460 रिक्त हैं।
किस ट्रेड में सीटें खाली
नोडल आईटीआई की प्लंबर ट्रेड में बहुत कम दाखिले हुए हैं। इसमें कुल 96 में से मात्र 27 सीट भरी हैं। इसी तरह फाउंड्र्रीमैन की 48 में से 6 सीटों पर दाखिले हुए हैं और 42 सीटें खाली हैं। वुडवर्क टेक्निशियन की 72 में से मात्र 18 पर दाखिले हुए हैं और 54 सीटें रिक्त हैं। वहीं, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस की 48 में से 08 खाली हैं। इलेक्ट्रॉनिक मशीन की 48 में से मात्र 02, फिटर की 40 में से 03 सीटें, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनिंग टेक्नीशियन की 48 में से 06, इलेक्ट्रिशियन की 40 में से मात्र एक, स्टेनोग्राफर की 48 में से 05, मशीनिस्ट की 60 में से 11 सीटें रिक्त हैं। इसके अलावा वेल्डर की 120 में से 23, कोपा की 96 में से 06 सीटें और वायरमैन की 40 में से 04 सीटें अभी खाली हैं।
आईटीआई में प्रवेश के लिए 11 से 22 अगस्त तक ओपन काउंसलिंग होगी। नोडल आईटीआई की 460 सीटें रिक्त हैं। विद्यार्थियों का मौके पर ही आवेदन कर मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। इस दौरान 15 से 17 अगस्त तक अवकाश रहेगा।
- दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य नोडल आईटीआई।
दीपेश महेंद्रू।- फोटो : mathura