संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मानसून से पहले नालों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मेयर सुमन बहमनी ने वीरवार को वार्ड पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों और सफाई एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। मेयर ने स्पष्ट कहा कि जिस क्षेत्र में नालों की सफाई नहीं होगी, उस हिस्से का भुगतान संबंधित एजेंसी को नहीं किया जाएगा।
सफाई में लापरवाही मिलने पर एजेंसी के साथ निगरानी करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में बड़े और छोटे नालों की सफाई की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में कई पार्षदों ने शिकायत की कि उनके वार्ड में नालों की सफाई शुरू होने या पूरी होने की जानकारी उन्हें नहीं दी जाती।
इस पर मेयर ने एजेंसी को निर्देश दिए कि सफाई कार्य शुरू होने से पहले संबंधित पार्षद को सूचना दी जाए और कार्य पूरा होने के बाद उनकी संतुष्टि भी ली जाए। बिना पार्षद की जानकारी और संतुष्टि के एजेंसी का भुगतान नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने बताया कि पहले चरण में बड़े नालों की सफाई पूरी कर ली गई है।
दूसरे चरण का कार्य जारी है। इसके साथ ही सभी वार्डों में छोटे नालों की सफाई भी कराई जा रही है। बैठक में पार्षद रीना रस्तोगी, अरुण कुमार, जयंत स्वामी, भानु प्रताप, प्रियांक शर्मा, श्याम लाल, संदीप धीमान, दीक्षित कुमार, विक्रम राणा, मनजीत कौर सहित अन्य पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की स्थिति से अवगत कराया।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्षदों की ओर से बताए गए स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कर जहां भी सफाई में कमी मिले, उसे तत्काल दूर किया जाए। स्क्रीनिंग चैंबरों की भी नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।