संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में गैरकानूनी रूप से चल रहे 13 स्कूलों पर कार्रवाई आदेश देने तक सिमटकर रह गई है। शिक्षा विभाग ने प्रबंधकों को तीन दिन में स्कूल बंद करके इसकी सूचना कार्यालय में देने के आदेश दिए थे। विभाग के आदेशों का न तो स्कूल प्रबंधकों और न ही अधिकारियों पर कोई असर हुआ।
स्कूलों पर कार्रवाई के लिए विभाग की ओर से 20 अप्रैल को आदेश जारी किए थे। करीब तीन महीने बीतने को हैं और अभी तक इस पर कोई कदम नहीं उठाया गया है। इससे विभाग की लचरता का पता चलता है। इन 13 स्कूल के अलावा विभाग की ओर से व्यासपुर के चार स्कूलों को कक्षाएं बंद करने के आदेश दिए हैं। इन स्कूलों में कानून ही नहीं बल्कि बच्चों का भविष्य व जीवन भी दांव पर लगा है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जगाधरी खंड के 13 स्कूल बंद करने के आदेश दिए थे। इनमें पांच स्कूल पहली से पांचवीं और आठ स्कूल पहली से आठवीं तक हैं। पहली से पांचवीं तक के बाल भारती विद्या मंदिर सुखपुरा, बाल भारती विद्या मंदिर भारत सेवक नगर जगाधरी, गुरु रामदास पब्लिक स्कूल पुराना छछरौली रोड जगाधरी, सत्यमेव जयते मिडिल स्कूल आनंद कॉलोनी पुराना हमीदा, मोहम्मदी पब्लिक स्कूल जोगिंद्र नगर बंद करने के आदेश हैं।
वहीं पहली से आठवीं तक श्रीकृष्णा आदर्श विद्या मंदिर लक्ष्मी नगर कैंप, पुराना हमीदा स्थित गंगा एकेडमी स्कूल, आरएस विद्या मंदिर स्कूल जगाधरी, यमुना पब्लिक स्कूल छोटी लाइन, सनराइस हाई स्कूल तीर्थनगर बाडी माजरा, राइसिंग स्टार कॉन्वेंट स्कूल मुगलवली व्यासपुर, पिरलैंड इंटरनेशनल स्कूल कलावड़ सरस्वतीनगर, न्यू मॉडल हाई स्कूल तलाकौर सरस्वतीनगर बंद करने के आदेश अप्रैल में दिए जा चुके हैं।
नौ से 12 तक की कक्षाएं बंद करेंगे चार स्कूल
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से व्यासपुर के चार स्कूलों को नौंवी से 12वीं की कक्षाएं बंद करने के आदेश दिए हैं। चूंकि इन स्कूलों के पास केवल पहली से आठवीं तक की मान्यता है। इसमें सेंट लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल, सेंट लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल शाहकामेशपुर, ब्राइट स्किल इंटरनेशनल स्कूल रामपुर कंबोयान, जय गीतांजलि विस्डम पब्लिक स्कूल मारवा कलां शामिल थे। इन्हें नौवीं व 12वीं तक की कक्षाएं बंद करने के आदेश दिए गए थे।
बिना अनुमति चल रहे स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए थे। स्कूलों मान्यता के लिए निदेशालय में आवेदन किया था। फाइल लंबित होने के कारण स्कूल बंद नहीं किए गए। अब विभाग ने इनके पोर्टल बंद कर दिए हैं। निदेशालय के आदेश पर कार्रवाई की जाएगी। - -अशोक राणा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।