फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करवाचौथ आज, बाजारों में रौनक, सजना के लिए सजीं विवाहिताएं

Fri, 30 Oct 2015 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
त्योहारी सीजन के बीच बाजार में छाई मंदी करवाचौथ की तैयारियों में पूरी तरह से छट गई है। बता दें कि पंचांग के मुताबिक इस बार करवाचौथ का पर्व 30 अक्तूबर को मनाया जाएगा। इसके लिए दो सप्ताह पहले ही विक्रेताओं ने विभिन्न वैरायटी व डिजाइन का सामान बाजार में मंगवा लिया था।
विज्ञापन


बावजूद इसके दो दिन पूर्व तक खरीदारी की ओर रुझान न के बराबर रहा लेकिन बुधवार व गुरुवार को पर्व को लेकर बाजार में खरीदारी के लिए महिलाएं व युवतियां उमड़ी दिखाई दीं। पर्व की पूर्व संध्या पर मीरा बाई बाजार, गीता भवन के पास जाम की स्थिति बनी।

करवाचौथ पर्व को लेकर सबसे ज्यादा नवविवाहिताएं उत्साहित हैं, जो पहले करवाचौथ को खास बनाने के लिए शॉपिंग और खुद को सुंदर दिखने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती हैं। भले ही इसके लिए उन्हें बजट से ऊपर ही खर्च क्यों न करना पड़े। बाजार में खासकर ब्यूटी पार्लरों, मेहंदी, कॉस्मेटिक, गिफ्ट, मिष्ठान के कारोबार में तेजी आई।
विज्ञापन


बुड़िया निवासी रजनी ने कहा कि उनका पहला करवा है, इसलिए बाजार में जमकर खरीदारी की। इसी तरह सुनीता, सरोज, नीशा ने कहा कि पर्व को लेकर उन्होंने सजने को मनपसंद वस्तुओं के साथ सरगी व पूजन सामग्री की खरीदारी की।

मेहंदी में राजस्थानी, मारवाड़ी स्टाइल भाये
गीता भवन के समीप रेलवे रोड पर, मॉडल टाउन, प्रोफेसर कॉलोनी से लेकर लगभग सभी कॉलोनियों के गली-मोहल्लों तक मेहंदी लगाने वाले कारीगरों ने जगह-जगह स्टॉल लगाए। जहां रेबिक, राजस्थानी, मारवाड़ी जेब्रा और मुंबई सहित कई स्टाइल की मेहंदी डिजाइन उपलब्ध हैं। कारीगरों की मानें तो इन स्टाइल में महिलाओं और युवतियों को सबसे अधिक राजस्थानी और मारवाड़ी अधिक भा रहे हैं। विशेष डिजाइन वाली मेहंदी के लिए अलग-अलग रेट तय हैं जिनका पैकेज 250 से एक हजार रुपये के बीच में उपलब्ध है।

ब्यूटी पार्लरों पर हाउसफुल स्टेटस
शहर के अधिकतर ब्यूटी पार्लरों पर करवाचौथ को लेकर दिए जा रहे विशेष पैकेज के चलते अधिकतर पार्लर पहले से ही बुक हो चुके हैं। एक-एक ब्यूटीशियन दो-तीन जगह बुक हो चुकी हैं। ऐसे में उन महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है, जिन्होंने ब्यूटीशियन बुक नहीं की। ब्यूटी पार्लरों पर स्पेशल ब्यूटी पैकेज दिए जा रहे हैं, जिसकी रेंज 200 से लेकर दो हजार रुपये के बीच तक है।

रूबी और कुंदन की इटालियन ज्वेलरी की अधिक मांग
लाइट वेट ज्वेलरी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रही हैं। ज्वेलर्स के अनुसार करवाचौथ पर लोग लाइटवेट व स्लीक आभूषण लेना पसंद करते हैं। गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी महंगी होने के कारण इनकी जगह रूबी और कुंदन से बने गहने ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पर्व को लेकर सबसे ज्यादा महिलाएं यही ज्वेलरी खरीद रही हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें