जगाधरी। ग्रामीण व घाड़ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए राजकीय काॅलेज आहड़वाला दाखिला लेने की पहली पसंद है। विशेषकर छात्राओं की प्राथमिकता में यह शामिल है। कारण कि राजकीय कॉलेज होने से इसकी फीस कम है और छात्राओं को सरकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे तौर पर मिलता है। इस कॉलेज में एनएसएस के अलावा इस साल से एनसीसी भी शुरू होने की संभावना है, जिसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
राजकीय काॅलेज आहड़वाला में साइंस, कंप्यूटर लैब सहित पुस्तकालय व अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सब के अलावा कॉलेज का वातावरण भी विद्यार्थियों को आकर्षित करता है। कॉलेज में युवा महोत्सव, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां प्रदेशभर में मशहूर हैं। करीब छह साल पहले शुरू हुए कॉलेज का खेल व अन्य गतिविधियों में भी प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। इस राजकीय कॉलेज में कुल पांच कोर्स करवाए जाते हैं, जिसके लिए 500 सीट हैं। अभी कॉलेज में आवेदन चल रहे हैं। प्रबंधन की ओर से कॉलेज में हेल्प डेस्क सेंटर बनाए गए हैं, जिससे कॉलेज में आने वाले विद्यार्थियों को आवेदन सहित अन्य जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।
-
एंटी रैगिंग सेल और वूमेन सेल स्थापित
कॉलेज में रैगिंग रोकने के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। इसके लिए काॅलेज प्रबंधन की ओर से एंटी रैगिंग सेल स्थापित किया गया है। इस कमेटी की मॉनिटरिंग प्रिंसिपल के पास है। कॉलेज में छात्राओं को किसी प्रकार की परेशान न हो, इसके लिए वूमेन सेल भी बनाया गया है। यदि कॉलेज में छात्राओं को परेशानी होती है तो सेल द्वारा उनकी काउंसलिंग की जाती है। इसके अलावा रोजगार प्रकोष्ठ भी काॅलेज में स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध करवाना व उसके लिए उन्हें तैयार करना है।
कॉलेज के इन कोर्स में इतनी सीटें
बीए 320
बी.काॅम 80
बी.काॅम कंप्यूटर एप्लीकेशन 20
बीसीए 40
बीएससी फिजिकल साइंस 40
-
वर्जन
कॉलेज में दाखिले के लिए आवेदन चल रहे हैं। हर दिन विद्यार्थी आवेदन करने के लिए पहुंच रहे हैं। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कॉलेज स्तर पर सभी बंदोबस्त किए गए हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क सेंटर स्थापित किए गए हैं।
डॉ. सर्वजीत कौर, प्राचार्या, राजकीय काॅलेज आहड़वाला।