यमुनानगर। गांव नागल में धार्मिक व वैवाहिक समारोह के दौरान दो समुदाय के खूनी संघर्ष के गिरफ्तार पांचों आरोपियों को बुधवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पांचों आरोपियों को जमानत दे दी। वहीं मंगलवार देर शाम पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव में डीएसपी ने दोनों पक्ष के लोगों की बैठक आयोजित कर उनसे शांति बनाए रखने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि दूसरे पक्ष के नरेंद्र सिंह ने शिकायत में उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धार्मिक अनुष्ठान में बाधा उत्पन्न करने व परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर इंतजार, कमाल खान, मलखान, मोईन खान, कमाल खान की पत्नी, सोहेल खान, आरिफ, साहिल, शराफत, जुल्फान, फिरोज खान, आमिर खान, दिलशाद की पत्नी, शमशाद, चीमटी, अनवर, अकरम, जुल्फान, समीम, साहिल, सोहल व अन्य पर केस दर्ज किया है।
रविवार तक जिस गांव में शनाइयां बज रही थी, डीजे पर लोग नाच रहे थे, वहां पर अब सन्नाटा है। दो समुदायों के विवाद के बाद गांव में खामोशी है। तीसरे दिन भी गांव की गलियां सूनी रही। गलियों में बस पुलिस ही दिखाई देती है। बेहद जरूरी काम के लिए इक्का दुक्का लोग ही घरों से निकले। बच्चे भी डर के साये में हैं। बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। महिलाएं और पुरुष भी कम ही दिखाई देते हैं। ऐसा लगता है कि मानो गांव में कर्फ्यू लगा दिया गया हो। गांव में कई घर ऐसे हैं, जहां से कोई पुरुष सदस्य दो दिन से काम पर नहीं गया है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों के दिल और दिमाग से खौफ नजर आ रहा है।
पीस कमेटी गठित की गई है। कमेटी के सदस्य लोगों से बातचीत कर माहौल सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं गांव के हर मोड़ पर पुलिस तैनात की गई है। रादौर डीएसपी गांव में हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। यहां आने वाले सभी लोगों पर नजर रखी जा रही है। दोबारा ऐसी स्थिति न बने इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।