संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव पैंसल के कुलदीप (28) की मौत के 28 दिन बाद थाना व्यासपुर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई मृतक के परिजनों की ओर से एसपी से मिलने के बाद हुई। हालांकि मृतक के पिता ने बेटे की हत्या करने के आरोप में दो लोगों के नाम भी बताए, पर पुलिस ने फिलहाल अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।
गांव पैंसल निवासी रिशिपाल ने बताया कि 30 जून को घर पर दो लोग आए, जिन्होंने कहा कि कुलदीप कहां है, उसने उनका फोन उठाया है। यह सुन उन्हें कहा कि अगर फोन उठाया होगा तो वह उन्हें कुलदीप से दिलवा देंगे। लेकिन दोनों लोग घर से जाते समय धमकी दे गए कि कुलदीप मिलेगा तो उसे जान से मार देंगे। इसके बाद से कुलदीप घर नहीं लौटा।
2 जुलाई दोपहर गांव के व्यक्ति ने बताया कि 30 जून की दोपहर कुलदीप को 10-12 लोग पीट रहे थे और उसको पानी में डुबो रहे थे। तब इसकी शिकायत थाना व्यासपुर में दी। 2 जुलाई को कुलदीप का शव करीब डेढ़ किमी दूर गांव चाहड़वाला के पास चेतंग नदी से मिला। रिशिपाल ने बताया कि शव मिलने पर जिस व्यक्ति ने उन्हें कुलदीप की पिटाई बारे में बताया था।
उसने मौके पर पुलिस को कह दिया कि कुलदीप से मारपीट करते व पानी में डुबाते उसने किसी को नहीं देखा। न उसने किसी से ऐसी बात कही। रिशिपाल ने कहा कि व्यक्ति ने उन्हें व पुलिस से अलग-अलग बात क्यों कही, यह पता नहीं। पोस्टमार्टम के दौरान बेटे की हत्या के आरोप लगाने पर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया था, पर बाद में पता चला कि हत्या का केस भी दर्ज नहीं हुआ। बुधवार को एसपी से मिले, तब व्यासपुर पुलिस ने बेटे की हत्या का केस दर्ज किया।
नदी के एक किनारे पर कपड़े, दूसरे पर मिली थी चप्पल
रिशिपाल ने बताया कि दो जुलाई को कुलदीप का शव गांव चाहड़वाला में चेतंग नदी से मिला, पर उसकी टीशर्ट, बनियान गांव पैंसल में नदी के एक किनारे व दूसरे किनारे पर चप्पल मिली। साथ ही वहां एक तौलिया मिला, जो कुलदीप का नहीं था। मौके से एक तेल लगा नट-बोल्ट भी मिला था। रिशिपाल ने बताया कि बेटे का शव मिला तो चेहरे पर तेल लगा था। साथ ही उसका शव कपड़ों-चप्पल से डेढ़ किमी दूर मिला। इन बातों से उन्हें बेटे हत्या किए जाने का शक है। आरोप है कि जो लोग घर पर धमकी गए थे, उन्होंने की साथियों संग उसकी हत्या की होगी।
वर्जन-
मृतक के पिता रिशिपाल की शिकायत पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। - राकेश, जांच अधिकारी, थाना व्यासपुर।